वाराणसी। नगर निगम ने गृहकर, जलकर के बड़े बकाएदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को नगर आयुक्त प्रणय सिंह के निर्देश कि बाद कर विभाग ने 300 ऐसे बड़े बकाएदारों को नोटिस जारी कर दिया है, जिनपर एक लाख से अधिक का बकाया है।
नगरीय सीमा में दो लाख पांच हजार के करीब आवासीय भवन हैं। इसमें 73 हजार भवन स्वामियों में 40 हजार ऐसे बकाएदार हैं, जिनपर 20 हजार रुपये बकाया है। वहीं, 20 हजार से अधिक ऐसे लोग हैं जिन पर 20 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक का बकाया है। वहीं 500 ऐसे बकाएदार हैं जिनपर एक लाख या इससे अधिक के बकाए हैं। इन्हीं में से पहले 300 लोगों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द से कर जमा करने को कहा है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि राजस्व वसूली के लिए सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। बड़े बकाएदारों को नोटिस भी जारी किया गया है। इसके बाद भी गृहकर जमा नहीं करते हैं वारंट और सीजर की कार्रवाई की जाएगी।