वाराणसी में दूसरी लहर में जिस तरह अस्पतालों में बेड की किल्लत हुई थी, उस तरह की स्थिति तीसरी लहर में नहीं होने पाएगी। बीएचयू समेत सभी कोविड अस्पतालों को अलर्ट करते हुए बेड रिजर्व करने को कहा गया है। इसके अलावा 60 प्रतिशत एंबुलेंस को भी रिजर्व में रखा जाएगा, जिससे कि अगर मरीजों को अस्पताल जाने की जरूरत पड़े तो तुरंत पहुंचाया जा सके।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कहा है कि दूसरी लहर में जिन अस्पतालों ने आपदा में अवसर तलाशने का काम किया था और मरीजों के साथ दुर्व्यवहार किया था इस बार उन्हें कोविड अस्पताल नहीं बनाया जाएगा। ऐसे हॉस्पिटल में मरीज भी न जाएं। कई ऐसे अस्पताल थे जो बिना पैसे के इलाज तो दूर मनमाने दाम पर दवाओं की बिक्री कर रहे थे।
वाराणसी में कोरोना जांच
- फोटो : अमर उजाला
शासन स्तर पर रिपोर्ट भेजी जा चुकी थी, अब ऐसे लोगों की अलग सूची बनाई गई है। इस बार पहले की तुलना में अस्पताल बनाने से पहले और भी कड़ी रिपोर्ट तैयार होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि 15 जनवरी से 15 फरवरी तक कोरोना संक्रमण ज्यादा रहने की संभावना है। डीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इम्युनिटी बढ़ाने के लिए फल और सब्जियों का सेवन और भाप और गरारा शुरू कर देना चाहिए।
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए अस्पतालों, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आक्सीजन निर्माण इकाइयों में लगातार बिजली आपूर्ति होगी। इसके के लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम ने तीन नियंत्रण कक्ष बनाए हैं। पीएचसी व सीएचसी के लिए स्थानीय स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जा रहे हैं।
एमडी कार्यालय, मुख्य अभियंता कार्यालय तथा टोल फ्री नंबर 1912 में बने नियंत्रण कक्ष से बिजली व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। इसकी रिपोर्ट रोज एमडी कार्यालय में पेश होगी। आपूर्ति में व्यवधान पर तत्काल 1912 पर सूचित करना होगा। यहीं से अन्य दोनों नियंत्रण कक्ष को भी सूचना भेज दी जाएगी। इसके बाद संबंधित डिवीजन को शिकायत नोट करा दी जाएगी। अधीक्षण अभियंता दीपक अग्रवाल ने कहा कि बिजली से संबंधित किसी समस्या के लिए निगम के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिले में शहरी और ग्रामीण इलाकों में बने टीकाकरण केंद्रों पर बृहस्पतिवार को 28368 लोगों ने टीका लगवाया। इसमें 15 से 18 साल तक के 11442 किशोर और 1396 फ्रंट लाइन वर्कर और स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रीकॉशन डोज लगवाई।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि अभियान चलाकर लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। अब तक कुल 4837963 को टीका लग चुका है, जिसमें 2912333 को पहला और 1803406 को दूसरी डोज लगाया जा चुका है। इसके अलावा 5144 को प्रीकाशनरी और 117080 किशोर ने भी टीका लगवाया है। उधर बरेका में बृहस्पतिवार को 15 से 18 वर्ष के 200 बच्चों का टीकाकरण हुआ।