बुधवार को मिली 7993 सैंपल की रिपोर्ट में 634 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिस तरह से हर दिन 100 से 150 महिलाएं संक्रमित हो रही है, उसको देखते हुए चिकित्सक भी ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। अब तीसरी लहर में कुल 6978 संक्रमितों में 2827 के डिस्चार्ज होने के बाद 4151 एक्टिव मरीज हैं।
वाराणसी में कोरोना का संक्रमण दर इस समय पिछले एक सप्ताह से 6 से 8 प्रतिशत तक बना हुआ है। हालांकि होम आईसोलेशन में स्वस्थ होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है, इस वजह से रिकवरी रेट भी अब 40.51 तक पहुंच गया है। इसमें मंगलवार को जिले का रिकवरी रेट 28.44 प्रतिशत रहा। हालांकि अभी भी 4151 एक्टिव मरीज जिले में हैं। बस राहत की बात यह है कि कुल 18 मरीजों का ही इलाज चल रहा है और अब भी 424 बेड खाली है।
जिले में शहरी और ग्रामीण इलाकों में बुधवार को 39485 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। इसमें 15 से 18 साल तक के 4245 किशोर और 1271 लोगों ने प्रीकॉशनरी डोज लगवाई। इस दौरान केंद्रों पर लोगों को टीकाकरण के बाद भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि बुधवार को लगे 39485 टीकों में 12,679 लोगों को पहली और 25,635 लोगों को लगी दूसरी डोज लगाई गई है। अब तक जिले में कुल 50,49,026 कोरोना डोज लगाई जा चुकी हैं।