कोरोना की तीसरी लहर में एक दिसंबर से नौ जनवरी तक अब तक 1674 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार एक दिसंबर से ही तीसरी लहर आ गई है। ऐसे में एक दिसंबर से नौ जनवरी तक मिले कुल 1674 मरीजों में 296 के होमआईसोलेशन में स्वस्थ घोषित होने के बाद अब 1378 एक्टिव मरीज हैं।
वाराणसी रोडवेज परिसर में कोरोना जांच
- फोटो : अमर उजाला
कैंट रेलवे स्टेशन पर कोरोना जांच की रफ्तार बढ़ा दी गई है। जिसमें एंटीजन के साथ आरटीपीसीआर जांच भी किया जा रहा है। रविवार की शाम 5.40 बजे तक रेलवे स्टेशन पर कुल 245 लोगों की जांच की गई हैं, इसमें एंटिजन टेस्ट में पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इन सभी का आरअीपीसीआर सेंपल बीएचयू लैब भेज दिया गया।
कोरोना के बढ़ते मामले के प्रति जागरूक करने में नगर निगम जुट गया है। इसे देखते हुए स्टीकर लगाए जा रहे हैं। अपर नगर आयुक्त दुष्यंत मौर्या ने बताया कि जहां कोरोना के मरीज पाए जा रहे हैं। उनकी सूची स्वास्थ्य विभाग की ओर से भेजी जा रही है। इसीआधार पर मरीज के घर पर स्टीकर लगाकर लोगों को सचेत किया जा रहा है।
मरीज के घर के आसपास के इलाके में सैनिटाइजेशन का काम कराया जा रहा है। अधिक से अधिक मास्क का इस्तेमाल करने, हाथों को धोने और सैनिटाइज करने के लिए निगरानी समितियों को कहा गया है। उन्हें मेडिसिन किट भी मुहैया कराई गई है।