वाराणसी। कोविड हॉस्पिटल में भर्ती बनारस के तीन मरीजों समेत नौ लोगों की लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद डॉक्टरों की टीम राहत महसूस कर रही है। जल्द ही सभी को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है। जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, उसमें वाराणसी के तीन, गाजीपुर और जौनपुर के तीन-तीन मरीज शामिल हैं।
कोविड हॉस्पिटल में इन दिनों वाराणसी की तीन महिलाओं समेत 8 मरीजों के साथ गाजीपुर के पांच, जौनपुर के 4 मरीजों का इलाज आइसोलेशन वार्ड में चल रहा है। जिसमे गंगापुर में जिस कपड़ा व्यापारी की मौत के बाद कोरोना की पुष्टि हुई थी, उसकी पत्नी और बहू की अब लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आने के साथ ही बजरडीहा निवासी महिला की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इसके अलावा गाजीपुर के तीन और जौनपुर के भी तीन मरीजों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जानकारी के मुताबिक अब आइसोलेशन वार्ड में वाराणसी के 6, गाजीपुर के तीन और जौनपुर के 1 मरीजों के साथ 10 लोगों का इलाज चल रहा है।
वाराणसी के 15 में आठ केस निगेटिव
वाराणसी में अब तक 15 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है, जिसमे से 8 की रिपोर्ट निगेटिव आना राहत की बात है। पहले तीन युवक डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। अब इन तीन महिलाओं की रिपोर्ट भी निगेटिव आ चुकी है। कुछ दिन पहले हो दो और लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी, जिन्हें शिवपुर में मेडिकल क़्वारंटीन किया गया है।
कोविड हॉस्पिटल में भर्ती वाराणसी के तीन महिलाओं समेत नौ की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सभी को डॉक्टर की सलाह के बाद जल्द ही डिस्चार्ज किया जा सकता है। -कौशल राज शर्मा,डीएम