कोरोना की जांच।जिला अस्पताल में कोरोना सेंपल की जांच करते नोडल अधिकारी स्वतंत्र सिंह।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिला अस्पताल में लगाए गए ट्रू नाट मशीन पर शुक्रवार से कोरोना की जांच शुरू हो गई। पहले दिन आठ टेस्ट किए गए, सभी रिपोर्ट निगेटिव आई। हालांकि एक दिन पहले बृहस्पतिवार को इस मशीन की टेस्टिंग के तहत छह लोगों की जांच की गई। वह रिपोर्ट भी निगेटिव ही रही। अब इस जांच के शुरू हो जाने से जिले के मरीजों की आसानी से जांच होगी। प्रभारी डा. स्वतंत्र सिंह ने बताया कि एक बार में दो सैंपल के जांच की क्षमता है। रिपोर्ट आने में दो घंटे का समय लगता है।
जिला अस्पताल के प्रथम तल पर कोरोना जांच केंद्र में अब तक किए गए कुल 14 जांच के परिणाम निगेटिव आए हैं। जिस व्यक्ति की सैंपलिंग की जाती है, उससे संबंधित सैंपल का पूरा डाटा निर्धारित फार्म पर रहता है। एक साथ दो सैंपल मशीन में जांच के लिए डाल दिया जाता है। इसके बाद प्रासेस शुरू हो जाता है। करीब दो घंटे बाद पाजिटिव या निगेटिव रिजल्ट आ जाता है। रिपोर्ट को फार्म पर अंकित कर उसे कंप्यूटर में फीडकर दिया जाता है। प्रवासियों के आने के बाद जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। लगातार बढ़ती संख्या से जिला प्रशासन भी हलकान हो गया था। शहर समेत तहसीलवार संदिग्धों की सैंपलिंग का काम तेज कर दिया गया। रोजाना करीब सौ से अधिक सैंपलिंग की जाती है। अब तक जिले के सैंपल वाराणसी, लखनऊ या गोरखपुर भेजे जाते थे। अब जिले के संदिग्धों की जांच यहीं की जाएगी। डा. सिंह ने बताया कि फिलहाल छह से आठ घंटे तक मशीन को चलाया जा रहा है। रोजाना 14 से 16 जांच आसानी से किया जा सकता है।