कोरोना के बढ़ते संक्रमण की चुनौती से निपटने में लोगों की समय से जांच होनी बहुत जरूरी है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर तो टीम लगी ही है, इन दिनों दिल्ली से आए युवा लैब टेक्नीशियन भी मोर्चा संभाल रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशन में मोबाइल मेडिकल लैब से लोगों की जांच की जिम्मेदारी इन पर है। जिले में 30 हजार लोगों की जांच का जो लक्ष्य मिला है, उसे पूरा करने में इन युवाओं को कठिनाइयां भी आ रही है लेकिन मजबूत हौसले के दम पर ये लक्ष्य पूरा करने में लगे हैं। इसकी शुरुआत पिछले दिनों केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने किया था। सीएमओ के निर्देश पर युवा लैब टेक्नीशियन चयनित इलाकों में बाइक पर मेडिकल बॉक्स लेकर हर दिन जांच के लिए पहुंच रहे हैं।
क्या है मोबाइल मेडिकल लैब
दो पहिया वाहन पर पीछे एक बॉक्स रखा गया है। इसमे एंटीजन किट, पीपीई किट, मास्क, ग्लब्स सहित जांच से जुड़े हर सामान रखे हैं। लैब के माध्यम से अभी कोरोना सैंपल लिया जा रहा है। आने वाले दिनों में एचआईवी, डायबिटीज, ईसीजी, लिवर फंक्शन टेस्ट, ब्लड प्रेशर सहित अन्य जांच भी होगी। जांच करने वाली टीम में शैलेंद्र सिंह, सोनू शर्मा, प्रवीण कुमार पाल, शिव शक्ति, संतोष कुमार, राहुल सिंह और सूरज शामिल है।