जून माह का रोड टैक्स माफ करने सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर टूरिस्ट ट्रांसपोर्टरों ने मंगलवार की दोपहर पीएम के संसदीय कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान गले में स्लोगन लिखीं तख्तियां लटकाकर पहुंचे टूरिस्ट ट्रांसपोर्टरों ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ट्रांसपोर्टरों ने पीएम के संसदीय कार्यालय प्रभारी को छह सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा। एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि वाराणसी जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने जून माह में लॉकडाउन के दौरान बस संचालन पर रोक लगा दी थी। इसलिए जून माह के टैक्स की जिम्मेदारी ट्रांसपोर्टरों की नहीं बनती है। पूरे लॉकडाउन भर टूरिस्ट ट्रांसपोर्टरों के वाहनों का पहिया नहीं घूमा। अभी भी स्थिति ठीक नहीं है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के आवाजाही पर प्रतिबंध है। एसोसिएशन के प्रवक्ता शशि प्रताप सिंह ने कहा कि वाराणसी के मोटर मालिकों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी से आग्रह है कि बनारस के टूरिस्ट ट्रांसपोर्टरों की पीड़ा समझे और टैक्स माफ करें। वहीं प्रभाकर पांडेय, राजेश सिंह, विनोद सिंह, सुनील सिंह, माया शंकर सिंह, प्रकाश जायसवाल, रोहित सिंह ने भी आवाज बुलंद की।