वाराणसी। कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले की अपेक्षा अब नए मरीजों की संख्या में तो थोड़ी सी कमी आई है लेकिन मरने वालों की संख्या बढ़ रही है। पिछले तीन दिनों में नौ मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमे बृहस्पतिवार को भी कोरोना से 3 लोगों की जान चली गई। जिसके साथ ही अब मरने वालों की संख्या 94 पहुंच गई है। जो नए 129 मरीज मिले हैं उसमें पुलिस लाइन,मंडलीय अस्पताल,दीनदयाल अस्पताल,सुश्रुत हॉस्टल सहित अन्य जगहों के मरीज शामिल हैं। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को 2719 सैम्पल की रिपोर्ट मिली। बताया कि टड़ियाँ नक्खीघाट निवासी 40 वर्षीय पुरुष की मौत बीएचयू अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई जबकि बीएचयू अस्पताल में ही भर्ती 49 वर्षीय लखी चौतरा चौक निवासी मरीज की भी मौत हुई है। इसके अलावा एपेक्स हास्पिटल में 72 वर्षीय चौक निवासी महिला की मौत हुई है। जो नए मरीज मिले हैं उसमें एक न्यायिक अधिकारी के साथ ही बुलानाला सप्तसागर,सुसुवाही, पुलिस लाइन, सुश्रुत हॉस्टल बीएचयू, सहित अन्य जगहों पर संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके अलावा शिव विहार कॉलोनी शिवपुर,मालवीय नगर आशापुर, मच्छरहट्टा, अस्सी घाट, शिवाला मदर टेरेसा आश्रम, सर्वोदय नगर कॉलोनी सुंदरपुर, पिपलानी कटरा, प्रभात नगर कॉलोनी लंका में भी संक्रमित मरीज मिले हैं। अपैक्स हॉस्पिटल, आशीर्वाद हॉस्पिटल महमूरगंज, सिद्धगिरीबाग, पीएमसी हॉस्पिटल, त्रिमूर्ति हॉस्पिटल में भी कोरोना मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सीएमओ ने बताया कि तिलभांडेश्वर, सुसुवाही,जोधपुर कॉलोनी बीएचयू, चौकाघाट, मंडलीय अस्पताल और दीनदयाल अस्पताल में सरकारी डॉक्टर,अपर पुलिस महानिदेशक कार्यालय, स्टेडियम कॉलोनी सिगरा ने भी 5 मरीज मिले हैं। नए मरीजों के मिलने के बाद अब कुल संख्या 5132 हो गई है जबकि पहले से होम आइसोलेशन में रहने वाले 113 लोग स्वस्थ हुए और अस्पतालों में भर्ती 19 मरीजों को डिस्चार्ज करने के बाद अब तक कुल संख्या में 3482 लोगों के डिस्चार्ज होने और 94 की मौत के बाद अब 1556 एक्टिव केस रह गए हैं।
निजी अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप
भिखारीपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती गुरुधाम कालोनी निवासी व्यवसायी और समाजसेवी की कोरोना से मौत हो गई। बेटे के मुताबिक 9/10 अगस्त की रात भिखारीपुर स्थित निजी हॉस्पिटल में भर्ती किया। जहां पहले तो कोविड-19 रिपोर्ट नेगेटिव आने की जानकारी दी गई। लेकिन थोड़ी ही देर बाद बताया गया कि उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। इसके लिए अस्पताल के द्वारा बताया गया धन भी जमा कर दिया गया। लेकिन जिस तरह का इलाज होना चाहिए वैसा इलाज नहीं हुआ। समय से डाक्टर भी नही देखने जा रहे थे। मरीज के बेटे के मुताबिक इलाज के दौरान ही पिता की मौत हो गई लेकिन एक ही अस्पताल में पहले रिपोर्ट नेगेटिव आने की सूचना दी गई बाद में पॉजिटिव। संदेह होने पर बाहर से एक निजी लैब से जांच कराई गई जिसकी रिपोर्ट बृहस्पतिवार को नेगेटिव आई है। उन्होंने अस्पताल में सही तरीके से देखभाल न करने का आरोप भी लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। बताया कि इसके लिए कार्रवाई भी करेंगे।
मानसिक अस्पताल में भर्ती बंदी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप
पांडेयपुर स्थित मानसिक अस्पताल में भर्ती एक बंदी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वहां हड़कंप मचा है। बताया जा रहा है कि बरेली से एक कैदी को 10 अगस्त को मानसिक अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। जहां उसकी पॉजिटिव होने की रिपोर्ट फैक्स के माध्यम से अस्पताल प्रशासन को मिली। संबंधित मरीज को फैमिली वार्ड में भर्ती किया गया था जहां पहले से भी मरीज भर्ती थे। अस्पताल के निदेशक के मुताबिक इसकी जानकारी सीएमओ को भी दे दी गई है। इसके अलावा मरीज के संपर्क में आए लोगों की भी सैम्पलिंग कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद कोविड-19 की गाइडलाइन के मुताबिक सभी तरह के एहतियात बरते जा रहे हैं।
एडीएम के पेशकार पॉजिटिव, आज बन्द रहेगा कलेक्ट्रेट
कलक्ट्रेट में अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम के पेशकार के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर शुक्रवार को कलक्ट्रेट बन्द रहेगा। अपर जिला मजिस्ट्रेट गुलाब चन्द्र ने बताया है कि अपर नगर मजिस्ट्रेट चतुर्थ को कार्यालयों और न्यायालयों में सेनीटाइजेशन कराने के लिए कहा गया है।