कमलापति त्रिपाठी इंटर कालेज में बने अस्थायी जेल में 18 कैदी, आठ पत्रकार समेत 97 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जबकि पिछले 24 घंटे में दो मरीजों की मौत भी हुई। अब कोरोना से मरने वालों की संख्या 36 हो गई हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग को बीएचयू से 1547 सैंपल की मिली रिपोर्ट में कमलापति इंटर कालेज में बने अस्थाई जेल में रहने वाले 18 कैदियों, आठ पत्रकार के अलावा भेलूपुर में एमआर, दुकानदार, बीएचयू में नर्सिंग ऑफिसर, शुश्रुत हॉस्टल से जुड़े सिगरा निवासी डॉक्टर, लंका थाने के सब इंस्पेक्टर और राजेंद्र नगर बिहार कॉलोनी लंका में रहने वाले होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल के डॉक्टर और बीएचयू में वार्ड अटेंडेंट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा सिगरा में पांच साल और चोलापुर में दस साल की बच्ची की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही हनुमान घाट में रहने वाले एलआईसी के ब्रांच मैनेजर, बीएचयू ट्रामा सेंटर में कार्यरत कर्मचारी और सिगरा स्टेडियम में तैनात फुटबॉल कोच और एमआर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बुधवार को ईएसआई, दीनदयाल, आयुर्वेद अस्पताल, बीएचयू, डीरेका अस्पताल में भर्ती कुल 65 मरीजों को डिस्चार्ज भी किया गया। अब तक एक दिन में सर्वाधिक मरीज बुधवार को डिस्चार्ज हुए। बताया कि अब तक कुल 1576 मरीज संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 36 की मौत, 690 के डिस्चार्ज होने के बाद अब 850 एक्टिव मरीज हैं।