शराबबंदी के लिए लगातार पांचवें दिन रविवार को भी गांव से शहर तक ठेकों पर महिलाओं का हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ का सिलसिला जारी रहा। भदैनी, शिवाला, जंसा के हरसोस और रामनगर में शराब ठेके बंद कर सेल्समैन भाग खड़े हुए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर महिलाओं को शांत कराया।
भदैनी के ठेके के सेल्समैनों वीरेंद्र और मुन्ना ने भेलूपुर थाने में तहरीर लूटपाट की तहरीर दी। आरोप है कि महिलाओें के साथ मौजूद लोगों ने 25 हजार रुपये और 40 पेटी शराब लूट लिया।
भेलूपुर थाना अंतर्गत शिवाला और भदैनी के देशी शराब ठेके पर महिलाओं ने झाड़ू और डंडा लेकर धावा बोला। दोनों शराब ठेकों के सेल्समैनों की भीड़ में शामिल लोगों ने पिटाई की। शराब की बोतलें और पाउच नष्ट कर दिया। वहां पहुंचे भेलूपुर इंस्पेक्टर ने महिलाओं से कार्रवाई की बात कही तो सभी रवींद्रपुरी स्थित पीएम के संसदीय कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने लगीं।
इसी तरह रामनगर के साहित्य नाका क्षेत्र स्थित देशी शराब ठेके पर महिलाओं ने धावा बोल कर रामनगर-टेंगरा मोड़ मार्ग जाम कर दिया। उधर, जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस में सरकारी देशी व अंग्रेजी शराब ठेके को बंद कराने के लिए जिला पंचायत सदस्य सीमा पटेल के नेतृत्व में महिलाएं पहुंचीं।
महिलाओं के उग्र तेवर देख सेल्समैन बादशाह और आनंद भाग खड़े हुए। वहां पुलिस पहुंची तो महिलाओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंप शराबबंदी की मांग की। पुलिस को हफ्ते भर की मोहलत दी। जिले के अंग्रेजी और देशी शराब ठेकों के मालिक रविवार को जिला आबकारी अधिकारी वाईआर यादव से मिले।
सभी ने कहा कि मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट की स्थिति में शराब ठेकों को खोल पाना संभव नहीं है। जिला आबकारी अधिकारी ने सभी को आश्वस्त किया कि पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।