मल्टी मॉडल टर्मिनल का लोकार्पण करने पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी
- फोटो : file photo
बनारस में तैयार देश के पहले मल्टी मॉडल टर्मिनल के लोकार्पण के बाद सोमवार को ही सभी कंटेनर रवींद्र नाथ टैगोर से जेटी पर उतार लिए गए। इसके बाद इन्हें निर्धारित स्थलों के लिए रवाना कर दिया गया। मंगलवार को पूरे दिन टर्मिनल देखने के लिए आम लोग पहुंचते रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मल्टी मॉडल टर्मिनल का लोकार्पण किया। इसके बाद पेप्सिको का उत्पाद लेकर पहुंचे जलपोत से एक कंटेनर को प्राप्त कर जलपरिवहन की औपचारिक शुरुआत की। इसके बाद जलपोत में लदे अन्य 15 कंटेनर को भी उतारकर ट्रेलर पर लादा गया। उन्हें निर्धारित स्थलों के लिए रवाना कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार पेप्सिको के कंटेनर कानपुर गए हैं, जहां अनलोडिंग के बाद कोलकाता जाने वाला उत्पाद लोड किया जाएगा। इसी प्रकार कुछ कंटेनर इफको लोडिंग के लिए भेजे जाएंगे। डाबर के उत्पाद वाराणसी से ही लोड होगा। उन्हें फिर से टर्मिनल ले आया जाएगा। फिर जलमार्ग से सभी 16 कंटेनर कोलकाता के लिए रवाना हो जाएंगे।
रवींद्र नाथ टैगोर जहाज से पेप्सिको के आठ कंटेनर, इफको के छह कंटेनर और डाबर के दो कंटेनर भेजे जाने हैं। डिप्टी डायरेक्टर वाराणसी मयंक कुमार ने बताया कि 15 नवंबर के आस-पास इसकी लोडिंग शुरू होगी।