मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय काशी दौरे में रविवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में आरोग्य धाम चिकित्सालय का शुभारंभ किया। इसके बाद मंदिर के निर्माल्य से बनने वाली अगरबत्ती लांच की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के लिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा- दीपावली तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाए।
शनिवार देर रात काशी पहुंचे मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के साथ दिन की शुरुआत की। अधिकारियों के साथ वार्ता में उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम की तैयारियों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा- डीपीआर की मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर दीपावली तक काम शुरू करा दिया जाए। बची हुई संपत्तियों को जल्द ही काशी विश्वनाथ में शामिल करा लिया जाए। उन्होंने मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए इंतजाम बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद वे सुदामापुर स्थित प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. नीलकंठ तिवारी के पैतृक आवास पर उनकी माता की मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने उनकी माता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सिगरा स्थित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी जसबीर सिंह, सिगरा स्थित अधिवक्ता त्रिपुरारी सिंह और केंद्रीय कारागार मार्ग स्थित ज्योतिषाचार्य प्रो. नागेंद्र पांडेय के आवास पर जाकर मुलाकात की। इसके बाद वे लखनऊ रवाना हो गए।