देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस जनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। शहर में कई स्थानों पर श्रद्धांजलि सभा व गोष्ठ के जरिये पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया। पूर्वमंत्री अजय राय ने कहा कि भारत के असली शिल्पकार राजीव गांधी थे। आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा थे और उन्होंने दूरसंचार क्रांति का आगाज किया।
शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर महानगर और जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मैदागिन स्थित प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने देश में आपसी सौहार्द और भाईचारा कायम रखने की कसम खाई और भारत को जोड़ने का संकल्प लिया। मौके पर सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पांडेय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जागृति राही, अनुराधा यादव, प्रमोद वर्मा, अनिता आर्या, इम्तियाज अहमद मौजूद रहे।
परेड कोठी स्थित होटल में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस दौरान प्रो. अनिल कुमार उपाध्याय, डॉ. उमापति उपाध्याय, डॉ. जितेंद्र सेठ, मेवालाल बागी, गणेश शंकर पांडेय, प्रभात वर्मा, मोहम्मद अरशद मौजूद रहे। हरिहरनाथ त्रिपाठी फाउंडेशन की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रो. मल्लिकार्जुन जोशी, प्रजानाथ शर्मा, संजीव सिंह, क्षेमेंद्र मणि त्रिपाठी उपस्थित रहे। महानगर व्यापार प्रकोष्ठ की ओर से दुर्गाप्रसाद गुप्त, मनोज वर्मा, मंगलेश सिंह ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।