वाराणसी महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में धरना
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जहरीली शराब से हो रही मौतों के मामले को लेकर बुधवार को कांग्रेसी वाराणसी के मैदागिन स्थित टाउनहाल में जुटे। वहां महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व मां कस्तूरबा जी के प्रतिमा के नीचे प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना दिया।
इस दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार जहरीली और अवैध शराब से मौतें हो रही है। जिम्मेदार अधिकारियों पर न तो कार्रवाई हो रही और न ही अवैध शराब का कारोबार बंद हो रहा है। अवैध शराब पीने से मौत होने पर गरीबों के परिवार तबाह हो रहे है। परिवारों की कोई देखरेख करने वाला नहीं है।
दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद देने की मांग की। पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि शराब माफियाओं को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। जहरीली शराब से हुई मौतों की एक के बाद एक घटनाएं माफिया और सरकार के गठजोड़ की भूमिका पर सवाल खड़े करती है। जहरीली शराब बनाने वालों और बेचने वालों के सिंडिकेट को सरकार का पूरी तरह से संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने पूछा कि अगर ऐसा नहीं है तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आबकारी विभाग के मंत्री से जवाब तलब क्यों नहीं करते।