BHU में अयोग्य लोगों की नियुक्ति के खिलाफ कांग्रेस सेवादल ने खोला मोर्चा
- फोटो : twitter
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में निवर्तमान कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी के कार्यकाल में हुई नियुक्तियों के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस सेवादल के स्वयंसेवको ने विरोध प्रदर्शन किया। लंका गेट पर सेवादल के स्वयंसेवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर पर्चा बांटा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बीएचयू में अयोग्य भारत निर्माण बंद करने की मांग की।
स्वयंसेवकों ने कहा कि बीएचयू में अगर अयोग्य प्रोफेसर शिक्षा देंगे तो विश्वविद्यालय से अयोग्य छात्रों का उत्पादन होगा और देश में अयोग्य छात्रों की भरमार होगी तो अयोग्य भारत का निर्माण होगा।
गुरुवार को आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान हरीश मिश्र ने कहा कि इसके लिए भाजपा और आरएसएस पूरी तरह से जिम्मेदार हैं। प्रधानमंत्री भी खुद को इस तरह के मामले में जिम्मेदारी से मुक्त नहीं कर सकते।
बीएचयू में अयोग्य लोगों की नियुक्ति का प्रकरण कोर्ट में पहुंच गया, केंद्र सरकार तक पहुंच गया और मानव संसाधन मंत्रालय तक भी इसकी पूरी जानकारी पहुंच चुकी है। सारी जानकारी होते हुए भी अब तक केंद्र सरकार चुप्पी साधे है, न तो अयोग्य नियुक्त लोगों को हटाया गया न उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई की गई।
इस प्रकरण पर केंद्र सरकार और भाजपा की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। स्वयंसेवकों ने कहा कि कांग्रेस सेवादल के लोग भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय के उच्च विचारों पर यह कलंक नहीं लगने देंगे।