अग्निपथ योजना के खिलाफ आंदोलन करने वाले जिला जेल में बंद युवाओं से रविवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मिलने पहुंचा। जिला प्रशासन ने कोविड प्रोटोकॉल का हवाला देकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंउल को जेल में बंद युवाओं से मिलने नहीं दिया गया। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जेल प्रशासन का विरोध किया और इसे सरकार की तानाशाही बताया।
पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि देश का नौजवान सरकार की अग्निपथ योजना को कबूल नहीं करेगा, चाहे सरकार जितनी भी जोर जबरदस्ती कर ले। सरकार की इस नई योजना के कारण चार साल बाद उन युवाओं का भविष्य अधर में चला जाएगा। पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि ईवीएम वाले मामले में सपा के प्रतिनिधिमंडल के लिए कोविड प्रोटोकॉल नहीं था, केवल कांग्रेस के लिए यह प्रोटोकॉल है।
भाजपा युवाओं के साथ जो खिलवाड़ कर रही है, उसके खिलाफ कांग्रेस खड़ी है। जेल में बंद युवाओं के परिवार से हमारा प्रतिनिधिमंडल मिला है। परिजनों ने कहा कि उन्हें कोर्ट और न्यायिक प्रक्रिया में मदद चाहिए, जहां भी परिजनों को मदद की जरूरत होगी कांग्रेस उनकी मदद करेगी। कांग्रेस पीड़ित परिवार की लड़ाई लड़ेगी। प्रतिनिधिमंडल में विश्वविजय सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, कमलेश ओझा, इमरान खान, राजेश्वर पटेल व राघवेंद्र चौबे शामिल रहे।