कांग्रेस ने शुक्रवार को खस्ताहाल सड़क और गंदगी के विरोध में धरना दिया। चौकाघाट पानी टंकी के पास कांग्रेसी मास्क लगाकर धरने पर बैठे। यह वही रूट है, जिधर से सोनिया का काफिला गुजरा था। यहां हुई सभा में नेताओं ने कहा गया कि देश-विदेश में काशी को क्योटो जैसा बनाने की बात प्रचारित की जा रही है, जबकि इस शहर में आम आदमी का सांस लेना मुश्किल है।
धरनास्थल पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के आगमन से पहले कई बार नगर आयुक्त, जिलाधिकारी, मंडलायुक्त से मिलकर इस बात का आग्रह किया गया था कि सड़कों के गड्ढे भरने के साथ ही सफाई कराई जाए लेकिन प्रशासन चुप्पी साधे रहा। रोड शो के दौरान खराब रास्ते और गंदगी के चलते ही कांग्रेस अध्यक्ष अस्वस्थ हुईं। विधायक अजय राय ने कहा कि कांग्रेस जन काशी की बदहाली, खस्ताहाल सड़क, सीवर, यातायात की दुर्व्यवस्था के मुद्दे पर आंदोलन और तेज करेंगे।
धरनास्थल पर सतीश चौबे, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, सीताराम केसरी, चंद्रभाल प्रताप सिंह, प्रमोद श्रीवास्तव, डॉ. जितेंद्र सेठ, हर्षवर्धन सिंह, रामेश्वर सिंह, शैलेंद्र सिंह, रईस अहमद, राजेंद्र मिश्र राजू, राघवेंद्र चौबे, विकास सिंह, ओम शंकर, चंचल शर्मा, मुनाजिर हुसैन, कृष्णा सिंह, धीरेंद्र मालवीय, अशोक पांडेय, रामशृंगार पटेल, मंगलेश सिंह, वीसी राय, अरविंद सिंह चंदेल आदि थे।