बनारस में भाजपा की कमल संदेश बाइक रैली में शनिवार को ‘हाथ’ आ गया। दरअसल, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रैली को रवाना करने के बाद गोरखपुर चले गए थे।
इसके बाद रैली विभिन्न रास्तों से होते हुए पहले घोषित समापन स्थल जिला मुख्यालय पहुंची। यहां पहुंच कर उत्साही भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम नारेबाजी करने लगा। कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लहरा रहे थे। जोश में उनको अपने आसपास का भी ध्यान नहीं था।
इसी बीच कांग्रेस का एक कार्यकर्ता भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच गया और और कांग्रेस का झंडा लहराते हुए राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने लगा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसकी परवाह नहीं कि लेकिन पुलिस वालों की नजर उस पर पड़ गई। अप्रिय घटना होने से पहले पुलिसवालों ने उसे वहां से हटा दिया।
बनारस में सीएम ने दिखाई थी हरी झंडी
सीएम योगी
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से कमल संदेश बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। सीएम के हरी झंडी दिखाते ही जय श्रीराम के नारे लगे।
कमल संदेश बाइक रैली लहुराबीर, मलदहिया, सिगरा, नगर निगम, चंदुआ सट्टी, भारतमाता मंदिर, इंग्लिशिया लाइन, तेलियाबाग, अंधरापुल, नदेसर, वरुणा पुल, कचहरी होते हुए जिला मुख्यालय तक गई।
भाजपा की ओर से प्रदेश के 80 लोकसभा में शनिवार को कमल संदेश बाइक रैली निकाली जा रही है। कमल संदेश बाइक रैली में हर बूथ से पांच-पांच कार्यकर्ता आए। वहीं रैली में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय चंदौली में और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल कन्नौज में बाइक पर सवार होकर रैली की।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, फूलपुर और उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा लखनऊ में पार्टी का संदेश पहुंचाया। इसके अलावा सभी सांसद, मंत्री और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में रैली का हिस्सा बने।