अखिल भारतीय प्रोफेशनल कांग्रेस फ्रंटल संगठन की लांचिंग के मौके पर कांग्रेस नेता संजय सिंह और उनकी पत्नी अमिता सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस पहुंचे कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डॉ संजय सिंह ने कहा कि राफेल डील में केंद्र सरकार ने गड़बड़िया की हैं। प्रधानमंत्री ने फ्रांस जाकर इस डील के लिए गोलबंदी की और पैसे खाए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जो आरोप लगाया है वह बिल्कुल सत्य है। यूपीए सरकार में जो डील हुई थी उसके तीन गुना ज्यादा दाम पर इसकी खरीदारी की जा रही है। यूपीए सरकार ने उस समय तकनीकी ट्रांसफार की शर्त रखी थी अब वह शर्त गायब है। इस मुद्दे पर अब रक्षा मंत्री चुप हैं, वित्त मंत्री चुप हैं।
दरअसल इस पूरे प्रकरण में प्रधानमंत्री को बचाने के लिए पूरी भाजपा जवाब देने से कतरा रही है। बनारस क्लब में बातचीत के दौरान डा. सिंह ने कहा कि बोफोर्स मुद्दे पर हाईकोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी को क्लीन चिट दे चुकी है। फिर इस मुद्दे को उछालने का कोई मतलब नहीं है।
लेकिन पिछले चार सालों में यह सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। हजारों युवा बेरोजगार हैं। लोगों के काम धंधे बंद हो गए हैं। नोटबंदी और जीएसटी से हर तरफ त्राहि-त्राहि मची है ऐसे में लोगों का ध्यान बांटने के लिए यह मुद्दा उठाया गया है।