अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर राजनीति तेज हो गयी है। आरएसएस, शिवसेना व बीजेपी ने 25 नवबंर को अयोध्या में होने वाली धर्मसभा को लेकर सारी ताकत लगा दी है। इसी बीच कांग्रेस के दिग्गज नेता कृपाशंकर सिंह ने राम मंदिर को लेकर बड़ा बयान दिया है।
बनारस में कृपाशंकर सिंह ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो जाना चाहिए। इसको लेकर किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए। कृपाशंकर सिंह ने कहा कि सभी लोगों को बैठ कर इस मुद्दे पर काम करने की जरूरत है।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव के अयोध्या में सेना तैनात करने के बयान पर कृपाशंकर सिंह ने कहा कि ऐसी बातों को सुन कर कष्ट होता है। प्रभु श्रीराम के नाम से लोगों को मुक्ति मिलती है और उनके नाम पर इस तरह की बातें हो रही है। हिदुंस्तान में राम मंदिर को लेकर उठापठक हो रही है।
उन्होंने कहा कि हम लोगों की पार्टी अलग है मेरी पत्नी ने राजनाथ सिंह से मुलाकात के दौरान कहा कि उनसे बोलिए कि अब राम मंदिर का निर्माण करा दे। मेरा अपना मानना है कि राम मंदिर बन जाना चाहिए।
यह करोड़ों लोगों की आस्था की बात है जिसके लिए लंबे समय से लोग इंतजार कर रहे हैं। बाबा विश्वनाथ व माता विंध्यवासिनी से प्रार्थना करते हैं कि अब जितनी जल्दी हो भगवान राम का मंदिर बन जाए। इसके बाद देश में और अच्छे काम होने लगेंगे।