Varanasi Lok Sabha Election Result : लोकसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने काशी की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आपके बल पर सत्ता के शीर्ष दुर्ग के खिलाफ नैतिक जीत मिली। अयोध्या में भाजपा की हार को लेकर अजय राय ने कहा कि धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल लोकतंत्र को अमान्य है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने चुनाव परिणाम जारी होने के बाद काशी की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता बल की धौंस और भारी धन बल के निवेश के मुकाबले काशी की महान जनता ने विपुल जन समर्थन का जितना आशीर्वाद हमें दिया है, वह सत्ता के शीर्ष दुर्ग के खिलाफ मेरी नैतिक जीत है। बाबा विश्वनाथ की कृपा और शिवस्वरूप काशीवासियों से मिले इस प्रेम का मैं जीवन की अंतिम सांस तक ऋणी रहूंगा। कहा कि अयोध्या में भाजपा की हार ने साबित कर दिया कि धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल लोकतंत्र को अमान्य है।
विज्ञापन
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि काशी ने जिस तरह दस लाख पार के दंभी नारे को औंधे मुंह गिराकर मुझे भारी जनसमर्थन दिया, वह मेरी हार में भी जीत है। मैं और इंडी गठबंधन के दलों के हमारे साथी इस लोकतांत्रिक युद्ध में निहत्थे पैदल थे। दूसरी ओर सत्ता की चकाचौंध एवं संसाधनों का सैलाब था। मंत्रियों से लेकर राज्यपालों तक की फौज मेरे खिलाफ काशी में घर-घर घूम रही थी।
धन एवं सत्ता शक्ति के जबर्दस्त निवेश के बावजूद संकीर्ण जीत पाने में शीर्ष सत्ता नायक के दांत काशी की जनता ने खट्टे कर दिए। इंडी गठबंधन के दलों के जांबाज कार्यकर्ता साथियों के साथ वाराणसी की जनता ने मेरा चुनाव खुद को ही अजय राय मानकर लड़ा। उनके इस विश्वास का मैं ऋणी हूं और हर सुख दुख में उनके साथ खड़ा रहूंगा।
विज्ञापन
हम मां गंगा की विनम्र संतान हैं और इस चुनाव में मां गंगा का संकेत साफ है कि काशी के सम्मान और हितों के विरुद्ध राजनीति काशी को गंवारा नहीं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में मैं उत्तर प्रदेश में मिली कांग्रेस एवं सपा की जीत के साथ इंडी गठबंधन की भारी सफलता से अभिभूत हूं और प्रदेश की जनता का हृदय से आभारी हूं।
उत्तर प्रदेश की जनता ने चार लाख मतों से राहुल गांधी को जिताया। वाराणसी में भारी अपव्यय के बाद भी नरेंद्र मोदी को डेढ़ लाख वोटों से जीतने में पसीने छुड़ाकर यह सिद्ध कर दिया कि भारत मां की अपूर्व प्रदक्षिणा करने वाले राहुल गांधी नरेंद्र मोदी से बहुत बड़े जननायक हैं।