कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लिए घोषणापत्र समिति समेत कुल सात समितियों का गठन रविवार को किया है। इसमें पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। पूर्वांचल से भी तीन बड़े चेहरे पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी और काशी विद्यापीठ के सेवानिवृत्त प्रोफेसर सतीश राय को इसमें जगह दी गई है।
संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से रविवार को जारी सूची के अनुसार, डॉ. राजेश मिश्रा को पंचायती राज समिति, पूर्व विधायक अजय राय को सदस्यता समिति, ललितेश पति त्रिपाठी को मीडिया एवं संचार परामर्श समिति और प्रो. सतीश को ट्रेनिंग एंड कैटर डेवलपमेंट समिति में शामिल किया गया है। पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है उसको निभाया जाएगा। पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि पार्टी अब पूरी तरह से तैयार है। नई समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और युवाओं को तरजीह दी गई है। नई समिति प्रदेश और केंद्र में मजबूती से लड़ेगी। पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी नए उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है। नई समिति पूरे उत्साह के साथ मैदान में है।