कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बीएम संदीप ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य ऐसा संगठन तैयार करना है जो बूथवार और वार्डवार मजबूत हो और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहे। मंगलवार को काशी प्रवास पर आए राष्ट्रीय सचिव ने मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि 11 से 14 अगस्त तक महानगर कांग्रेस के संगठन सृजन का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद 15 अगस्त तक इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
संगठन सृजन अभियान के प्रभारी समन्वयक राष्ट्रीय सचिव ने बताया कि 16 अगस्त से 20 अगस्त तक जिले के संगठन सृजन का कार्य किया जाएगा। इस दौरान जिले के अंतर्गत आने वाले सभी मंडलों, ब्लॉकों और वार्डों की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आवश्यक सुझाव और जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। संगठन सृजन केवल पदों का गठन करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जमीनी कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं और सभी संगठन और चुनावी अनुभव रखने वाले साथियों के विचार एवं अनुभव के आधार पर मजबूत संगठन तैयार करने का अभियान है। संगठन सृजन का कार्य महानगर, जिला, ब्लॉक, मंडल और वार्ड स्तर तक किया जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ मंथन किया जाएगा। साथ ही फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों, पार्षद दल, वार्ड अध्यक्ष, वार्ड प्रभारी, जिला एवं महानगर के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों से भी संवाद किया जाएगा। बैठक में सलमान बशर, दयाशंकर पाण्डेय, लल्लन पटेल, राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, दुर्गाप्रसाद गुप्ता आदि मौजूद रहे।