विंध्याचल। चैत्र नवरात्र मेला शुरु होने से पहले सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार प्रशासनिक भवन में मेले से पूर्व मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों व स्थानीय लोगों के साथ हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मेला कैंप कार्यालय में बैठक में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा 19 मार्च से नवरात्र मेला का आरंभ हो रहा है। विभागवार लगे अधिकारी और कर्मचारी नवरात्र से पूर्व समस्त कार्य पूरे कर लें। मेला तैयारी की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अभी पक्काघाट से पश्चिम की तरफ चार घाटों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। पीपा पूल का भी निर्माण प्रगति पर है। पिछले नवरात्र की अपेक्षा इस बार गंगा घाटों पर ज्यादा क्षेत्रफल में श्रद्धालु स्नान करेंगे। अधिकारियों ने बताया समूचे त्रिकोण परिधि में प्रकाश एवं पेयजल का प्रबंध समय रहते पूर्ण कर लिया जाएगा । पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम चल रहा है। पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक ने वाहन पार्किंग स्वामियों को निर्देश देते हुए कहा पार्किंग स्थलों पर मेला से पहले मूल्य निर्धारण सूची के साथ प्रकाश, पानी तथा शौचालयों की सुविधा सुनिश्चित कराएं। उन्होने दुकानदारों, नाविकों कहा कि वह श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार रखें। कहा उनके साथ पैसे को लेकर किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त न की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर विवेक जावला, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका गोआ लाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।