संजय लीला भंसाली का फिल्म पद्मावत पर विवादों का सिलसिला थम नहीं रहा है। 25 जनवरी को रिलीज हुई फिल्म पद्मावत शुरू से ही विवादों में रही। फिल्म को लेकर पूरे देश में तोड़फोड़ व आगजनी के मामले सामने आए।
अब उत्तर प्रदेश के मऊ में पद्मावत फिल्म पर चर्चा के दौरान दुबारी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य लालमणि ने व्हाट्सएप पर राजपूतों के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस पर उनके खिलाफ मधुबन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
दुबारी निवासी चंदन सिंह ने तहरीर में बताया है कि दुबारी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य लालमणि, मेरे चचेरे भाई विजय सिंह से व्हाट्सएप पर फिल्म पद्मावत को लेकर बहस कर रहे थे। इस दौरान प्रधानाचार्य ने राजपूतों के पूर्वजों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर राजपूतों के पूर्वजों का मजाक उड़ाया।
व्हाट्सएप पर लिखे गए संदेश में अकबर से लेकर जहांगीर तक को जोड़कर राजपूतों की अस्मिता पर चोट पहुंचाई। जानकारी होने पर शुक्रवार को जब चंदन सिंह राजपूत समाज के लोगों के साथ प्रधानाचार्य से मिलने पहुंचे तो उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। साथ ही कैंपस से भगाकर गेट बंद कर दिया। मधुबन थाने में प्रधानाचार्य के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।