सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का टिकट आजमगढ़ सदर लोकसभा सीट से फाइनल होते ही सपा कार्यकर्ता इतने उत्साहित हो उठे की उन्हें आदर्श चुनाव आचार संहिता का भी खयाल नहीं रहा।
एसपी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक सपाइयों ने जमकर जश्र मनाया। नारेबाजी की और पार्टी के झंडों का प्रदर्शन भी किया गया। जिस पर एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह ने शहर कोतवाल को मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
पूर्व सपा मुखिया व सदर सांसद मुलायम सिंह यादव द्वारा आजमगढ़ से चुनाव लडऩे से इंकार के बाद सपाइयों को बड़ा झटका लगा था। जिला इकाई मुलायम सिंह यादव के बयान के बाद से ही वर्तमान मुखिया अखिलेश यादव को आजमगढ़ से चुनाव लड़ाने के प्रयास में था। इसके लिए बकायदा जिला कमेटी ने प्रस्ताव भी भेजा था।
रविवार को अखिलेश यादव का टिकट आजमगढ़ सदर सीट से फाइनल हो गया। फिर क्या था सपाई सड़क पर उतर पड़े और ढोल तासे के साथ नारेबाजी करने लगे। चुनाव की घोषणा हो चुकी है और वर्तमान में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू है।
इसकी भी सपाइयों ने परवाह नहीं की और सपा कार्यालय से एसपी आफिस, कलेक्ट्रेट, नेहरू हाल होते हुए सपा कार्यालय तक ढोल तासे के साथ जुलूस निकाला और नारेबाजी की। सपाइयों की यह कवायद पूरी तरह से आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के दायरे में आती है जिसे एसपी ने संज्ञान में लेते हुए शहर कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दे दिया है।
वहीं शहर कोतवाली प्रभारी रत्नेश सिंह ने बताया कि सपा के जुलूस आदि की रिकार्डिंग करा ली गई है। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। रिकार्डिंग देखने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।