वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी को पटरी पर लाने की कार्यवाही शुरू हो गई है। अब अस्पतालों के सीएमएस और एसआईसी को भी ओपीडी के समय (सुबह 8 बजे) ही अस्पताल आना होगा। साथ ही हर दिन ओपीडी, वार्ड, पैथालॉजी, एक्स रे जांच कक्ष आदि जगहों पर निरीक्षण भी करना होगा।
पिछले दिनों उपमुख्यमंत्री की बैठक में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुए फैसले के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने पहल की है। खास बात है कि अस्पताल से रेफर होने वाले मरीजों का पूरा ब्योरा हर दिन तीन शिफ्ट में एडिशनल सीएमओ को भेजने को कहा गया है।
सरकारी अस्पतालों की ओपीडी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलती हैं। इसमें डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ तो सुबह 8 बजे आ जाते हैं, लेकिन प्राय: सीएमएस/एसआईसी 9 बजे के बाद ही अस्पताल पहुंचते हैं। इस वजह से कई बार जरूरत पड़ने पर मरीज अपनी किसी समस्या पर उनसे सुबह अस्पताल में नहीं मिल पाते हैं।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि उपमुख्यमंत्री ने सभी चिकित्सालयों के प्रमुख/मुख्य चिकित्सा अधीक्षक/चिकित्सा अधीक्षक को प्रतिदिन प्रातः निर्धारित समय पर अस्पताल परिसर में सभी जगहों पर भ्रमण करने को कहा है। साथ ही ओपीडी में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। सीएमओ ने बताया कि सभी सीएमएस, एसआईसी, चिकित्साधीक्षकों को एक पत्र भेजकर इससे अवगत कराया जा चुका है।