सारनाथ। स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मॉडल केंद्र बनाने की तैयारी चल रही है। हैदराबाद स्थिति सिप्सा कंपनी के सहयोग से यहां सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। बुधवार को सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने कंपनी के अधिकारियों संग बैठक कर सुविधाओं की समीक्षा की। पायलट प्रोजेक्ट के तहत इस पीएचसी को मॉडल बनाया जाएगा, इसके बाद जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी विकसित किया जाएगा।
सारनाथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर पहले सीएमओ ने सुविधाओं के बारे में जानकारी ली, इसके बाद बैठक हुई। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर चिकित्सक सिप्सा कंपनी के विशेषज्ञों से ऑनलाइन परामर्श ले सकेंगे। उन्होंने बताया के कुछ लोग निजीकरण किए जाने की अफवाह फैला रहे हैं लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। इस दौरान मंडल प्रबंधक अरविंद कुमार श्रीवास्तव, महाप्रबंधक वीके जैन, प्रोग्राम ऑफिसर के अशिष्ट, डिप्टी सीएमओ डॉ. एके मौर्य, डॉ. अभिमन्यु सिंह आदि मौजूद रहे।