वाराणसी। जयपुर के विद्याधर नगर थाना की पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगने के आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार किया। आरोपी ने ठगी के लिए इंदौर में अड्डा बना रखा था, जहां अपने साथियों के साथ उसने लोगों से तीन माह में करीब सवा करोड़ रुपये हड़पे। पुलिस आरोपी के बैंक खातों को सीज कराकर उसके पांच अन्य साथियों को तलाश रही है।
डीसीपी उत्तर जयपुर मनोज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मूलत: वाराणसी निवासी निखिल कुमार पिछले दो साल से इंदौर के विजय नगर में रह रहा था। वह पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लोगों को ठग रहा था। विद्याधर नगर निवासी गोविंद सिंह भी निखिल के जाल में फंस गया था। आरोपी ने गोविंद से करीब 34 हजार रुपये हड़पे थे। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी का बैंक खाता सीज कराया। इस पर आरोपी ने शिकायतकर्ता से समझौता करने का प्रस्ताव रखा। बुधवार को निखिल के जयपुर आने के साथ ही पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
मकान से आभूषण और नगदी चोरी
लोहता। महमूदपुर गांव में मंगलवार की रात चोरों ने संजय कुमार के कमरे का ताला तोड़कर 10 हजार रुपये और हजारों रुपये मूल्य के जेवर चुरा लिया। इसके साथ ही संजय के कमरे की कुड़ी बाहर से बंद कर दी। बुधवार की सुबह नींद खुली तो बाहर से दरवाजा बंद होने के कारण नहीं खुला। संजय ने आवाज दी तो पड़ोसी आए और दरवाजा खुला। घटना के संबंध में लोहता थाने में तहरीर दी गई है।