पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के हवाई सर्वे और कार्य की प्रगति की समीक्षा करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी से पहले आजमगढ़ पहुंचेंगे। दोपहर एक बजे के बाद उनका हेलीकाप्टर किशुनदासपुर में उतरेगा। गुरुवार शाम शाम तक सीएम का मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं पहुंचा था, लेकिन फोन पर कन्फर्मेशन मिल गई थी। इसके बाद कमिश्नर और डीआईजी समेत आलाअधिकारियों ने किशुनदासपुर पहुंच कर निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कार्यक्रम की जानकारी के बाद कमिश्नर जगत राज, डीआईजी विजय भूषण, डीएम शिवाकान्त द्विवेदी, एसपी रवि शंकर छवि, सीआरओ आलोक वर्मा आदि ने किशुनदासपुर में तैयारियों के संबंध में निरीक्षण किया। अधूरे हेलीपैड को पूरा कराने का निर्देश दिया।
पीएनसी के प्रोजेक्ट मैनेजर एसपी सिंह को स्विस कॉटेज बनाने और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से संबंधित कार्यों को पूरा करने के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए। बैरिकेडिंग समेत अन्य सभी संबंधित कार्य रात में ही पूर्ण करने को कहा गया।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आ रहे हैं। इस दौरान प्रवासी भारतीय सम्मेलन के कार्यक्रम स्थल और प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पण व शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए ली जा चुकी है 95 फीसदी जमीन
लखनऊ के चांद सराय से गाजीपुर के हैदरिया तक बनने वाले वाले 340.82 किमी लंबे सिक्सलेन के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लगभग 84 किमी का हिस्सा जनपद से होकर गुजरने वाला है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए कुल आठ पैकेज घोषित किए गए हैं। इसमें तीन पैकेज जनपद से होकर गुजर रहे हैं।
पैकेज पांच के निर्माण का जिम्मा जीआर इंफ्रास्टक्चर और छह-सात के निर्माण का जिम्मा पीएनजी को मिला है। पीएनजी की ओर से सदर तहसील के किशुनदासपुर में बेस कैंप के पास हैलीपैड बनाया जा चुका है। सिक्सलेन के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए किसानों से कुल 888 हेक्टेयर जमीन लेनी थी। इसमें अभी तक 95 फीसदी जमीन ली जा चुकी है।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी की रहेगी तैनाती
आजमगढ़ के कंधरापुर थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर गांव में शुक्रवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की समीक्षा कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले गुरुवार की शाम तक पुलिस के अधिकारियों ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती करने की रणनीति तैयार की गई है। देर शाम को पुलिस लाइन परिसर में सीएम की सुरक्षा में लगे अधिकारियों को उनकी-उनकी ड्यूटी आदि के विषय में विधिवत जानकारी दी गई।
सीएम की सुरक्षा के नोडल अधिकारी एसपीसिटी कमलेश बहादुर ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा के लिए अन्य जिलों से भी फोर्स उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा की जिम्मेदारी पांच एडिशनल एसपी, 10 सीओ, 40 इंस्पेक्टर, 80 दरोगा, 400 से अधिक सिपाही और दो कंपनी पीएसी के जवानों को तैनात किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अचानक बने इस कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पुरी तरह से तैयार है। सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारी और कर्मचारियों को ड्यूटी चार्ट दे दिया गया है। सभी को उनकी-उनकी जिम्मेदारियों से भी अवगत करा दिया गया है। सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त न करने की चेतावनी भी दी गई है।