मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार की शाम वाराणसी पहुंचे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रां और पीएम नरेंद्र मोदी के 12 मार्च के दौरे के मद्देनजर उन्होंने सर्किट हाउस में करीब दो घंटे तक प्रमुख सचिव सूचना, पर्यटन अवनीश अवस्थी, एडीजी जोन, कमिश्नर, डीएम समेत जिले के आला अफसरों के साथ तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की।
अफसरों से दो टूक कहा कि सुरक्षा और सफाई के मुद्दे पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीएम के वैकल्पिक मार्गों को भी दुरुस्त कर लें। बताया कि पिछले दौरे में अचानक पीएम का रूट बदलना पड़ा था। जिस मार्ग से उन्हें ले जाया गया वहां सड़के के किनारे कूड़े का ढेर था और सड़कें भी ठीक नहीं थी।
मुख्यमंत्री शाम करीब 6:45 बजे सर्किट हाउस पहुंचे। पहुंचने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बार्ड आफ ऑनर दिया। पहुंचने के कुछ देर बाद ही उन्होंने हाल में समीक्षा बैठक शुरू कर दी।
यहां करीब दो घंटे तक उन्होंने तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर केंद्र ने विशेष दिशा निर्देश दिया है।