नोएडा में बदमाशों की गोली का निशाना बने भेल के डीजीएम वाराणसी निवासी अमित पांडेय (42) का शव शुक्रवार को उनके घर पहुंचते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। हरिश्चंद्र घाट पर अमित का अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पिता रिटायर्ड शिक्षक नर्दमेश्वर पांडेय ने दी।
रोते-बिलखते परिवारीजनों को ढांढस बंधाने के लिए रिश्तेदारों-परिचितों के साथ ही आसपास के लोग जुटे थे। गमगीन माहौल में कोई कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं था। अमित की हत्या क्यों हुई, यह खुद परिवारीजन भी नहीं समझ पा रहे हैं।
अभी होली पर अमित यहां आए थे और तीन दिन पहले यानी चार मार्च को ही नोएडा लौटे थे। बलिया के कैथोलिया सिकंदरपुर के मूल निवासी नर्दमेश्वर पांडेय लंका थाना अंतर्गत नासिरपुर क्षेत्र की कौशलपुरी कॉलोनी में मकान बनवाकर रहते हैं।
उनके बड़े बेटे अमित भारत हैवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (भेल) में डीजीएम थे। वह नोएडा के सेक्टर 104 की सफायर द्वितीय सोसायटी में रहते थे। अमित के छोटे भाई सतेंद्र भी दिल्ली में नौकरी करने के कारण उन्हीं के साथ रहते थे।