मौनी अमावस्या को लेकर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ के दौरान मौनी अमावस्या 29 जनवरी से लेकर 26 फरवरी तक काशी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। इसलिए स्ट्रीट डॉग एवं छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण रखने को नगर निगम को निर्देश दिए। बैठक में डीएम एस राजलिंगम ने महाकुंभ से संबंधित तैयारियों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी प्रजेंटेशन के माध्यम से दी।
बैठक में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, मेयर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, विधायक टीराम, सीडीओ हिमांशु नागपाल, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, वीडीए वीसी पुलकित गर्ग मौजूद रहे।
काशी तमिल संगमम के लिए नोडल अधिकारियाें की होगी नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने काशी तमिल संगमम के आयोजन की तैयारियों की जानकारी लेते हुए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। डीएम से कहा राजस्व वादों को मेरिट के आधार पर निस्तारण करना सुनिश्चित करिए। वरुणा रिवर फ्रंट के संबंध में पूर्व में दिए गए निर्देश के क्रम में आगे की कार्रवाई करने को कहा।
वाराणसी-विंध्य क्षेत्र के तहत प्रस्तावित कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। जलनिगम द्वारा पाइपलाइन बिछाए जाने के दौरान किए गए सड़कों के कटिंग को तत्काल दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने किसान यूनियन एवं ट्रेड यूनियन के नामों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जेल में सजा पूरी कर चुके विचाराधीन कैदियों पर त्वरित निर्णय लेते हुए उनकी रिहाई की कार्रवाई को आगे बढ़ाने और परियोजनाओं पर तेजी से काम करने को कहा।
अलर्ट मोड में रहे पुलिस, भीड़ नियंत्रण के समुचित प्रबंध करें
मुख्यमंत्री ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को निर्देश दिए कि पुलिस हमेशा अलर्ट मोड में रहे ताकि किसी भी घटना को होने से रोका जा सके। महाकुंभ के दौरान काशी आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए भीड़ नियंत्रण के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करें।
ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के साथ ही इसमें महिला पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी के जवानों को प्रशिक्षण देकर ड्यूटी पर लगाएं। साइबर अपराधों से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं। शिक्षण संस्थानों में इसके प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश देते हुए हुक्का बार समेत अवैध क्रिया कलापों पर कार्रवाई करने को कहा।