प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एक के बाद एक कई निर्देश विभाग के मंत्रियों को दिए। उन निर्देशों में से एक पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का ड्रीम प्रोजेक्ट वाराणसी में बन रहा वरुणा कॉरिडोर भी शामिल है।
सीएम योगी ने इस कॉरिडोर के निर्माण के लिए वरुणा नदी के चैनलाइजेशन और तटीय विकास को मार्च 2018 तक पूरा करने का निर्देश दिया है। सीएम ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को वरुणा कॉरीडोर संबंधित निर्देश देने के अलावा कई अन्य निर्देश भी दिए हैं।
इसके अलावा सूबे में भ्रष्टाचार कम करने, अस्पतालों में सुविधा बेहतर करने सभी मंत्रियों को अपने अपने विभाग का श्वेतपत्र जारी करने का निर्देश दिया गया।
वरुणा नदी के चैनेलाइजेशन व तटीय विकास को मार्च 2018 तक पूरा किया जाएः #UPCM श्री @myogiadityanath pic.twitter.com/RWsKwhQiIp
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) April 28, 2017
बता दें कि 201 करोड़ रुपये के वरुणा कॉरिडोर में डीएम बंगले से लेकर सराय मोहाना तक 10.3 किमी नदी का चैनलाइजेशन किया जाना है।
चैनलाइजेशन के तहत वरुणा के दोनों तकर स्पंजी पाथ वे बनाना है। अब तक इस पर करीब 80 करोड़ रुपये फूंके जा चुके हैं लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं दिख रहा है।काम की शुरुआत 22 दिसंबर 2016 को हुआ था। अभी हाल ही में यह प्रोजेक्ट तब चर्चा में आया था जब होली के दिन इसके स्टाकयार्ड में आग लग गई थी।
उस वक्त आशंका जतायी गयी थी कि स्टॉक यार्ड में आग का यह पूरा खेल कॉरिडोर में हुए भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए किया गया है। भाजपा के कई नेताओं ने इसकी शिकायत भी दर्ज कराई थी। काम कराने वाली एजेंसी एपको की ओर से मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने कैंट थाने में इसका मुकदमा दर्ज कराया था। जांच जारी है।