सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज भदोही दौरे पर हैं। तकरीबन सात घंटे तक जिले में रहने के दौरान मुख्यमंत्री कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
यहां मुख्यमंत्री लगभग एक अरब की लागत वाली 106 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसमें जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 12 परियोजनाओं का लोकार्पण और 94 का शिलान्यास किया जाएगा।
सीएम योगी के जिले में प्रथम आगमन को लेकर शनिवार देर रात तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। सीएम की त्रिस्तरीय सुरक्षा को लेकर जहां कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है, वहीं लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों को अलग-अलग बैठने के लिए पंडाल बनाए गए हैं।
औराई विधानसभा में 1123 लाख, ज्ञानपुर में 2249 लाख और भदोही में 3460 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। औराई में एक, ज्ञानपुर में आठ और भदोही में तीन परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।
इसी तरह औराई में 373 लाख, ज्ञानपुर में 937 लाख और भदोही में 516 लाख की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। औराई में 30, ज्ञानपुर में 23 और भदोही में 41 परियोजनाओं का मुख्यमंत्री शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के हाथों जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा, उनमें सबसे ज्यादा संख्या सड़कों की है। इसके अलावा 649 लाख की लागत से ज्ञानपुर में पशु अस्पताल पॉलीक्लीनिक का शिलान्यास किया जाएगा।
172 लाख की लागत से बनकर तैयार जिला अस्पताल की ओपीडी के साथ ही जिला महिला चिकित्सालय भदोही में 100 बेड मैटर्निटी विंग का भी लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों किया जाएगा।