बाबा कालभैरव का पूजन करते सीएम योगी।
- फोटो : अमर उजाला
बता दें कि शनिवार को पीएम मोदी के आगमन पर बाबतपुर एयरपोर्ट पर सीएम उनका स्वागत करेंगे। साथ ही सेवापुरी के बनौली (कालिका धाम) में आयोजित जनसभा का मंच साझा करेंगे। इससे पहले भी सीएम योगी सोमवार को काशी आए थे। यहां पीएम की जनसभा स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा था कि जनसभा में आने वाली जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। पार्किंग के बेहतर इंतजाम किए जाएं। सड़क पर वाहन न खड़े होने पाएं। हर वाहन के पार्किंग में खड़ा कराने की व्यवस्था की जाए। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होनी चाहिए।
पीएम मोदी का 51वां काशी दौरा होगा
दो अगस्त को प्रधानमंत्री सेवापुरी के बनौली (कालिका धाम) में जनसभा को संबोधित करेंगे। काशी में प्रधानमंत्री मोदी का यह 51वां दौरा होगा। वह करीब 2200 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। जनसभा में 50 हजार लोगों को पहुंचाने के लक्ष्य पर सभी कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री दालमंडी सड़क के चौड़ीकरण की आधारशिला रखेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष व डिप्टी सीएम का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत।
- फोटो : अमर उजाला
एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष व डिप्टी सीएम का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में शुक्रवार देर शाम 7:15 बजे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक वाराणसी पहुंचे। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में पूर्व मंत्री एवं मध्यप्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, सुरेश सिंह, अमित प्रकाश चौबे, शैलेश पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।