मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान स्थित तिब्बती शैली में बना सोवा रिग्पा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज, अस्पताल की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में ओपीडी, मेडिसिन, पैथालॉजी सहित अन्य विभागों को देखा। मेडिकल से जुड़े डॉक्टरों से जानकारी ली, जड़ी बूटी से बनने वाली दवाएं व औषधि पौधों के बारे में चित्र के माध्यम से जाना। कुलपति प्रो. वांगचुक दोर्जे नेगी ने खाता देकर व महात्मा बुद्ध का चित्र स्मृति स्वरूप भेंट कर स्वागत किया। तिब्बती परंपरा एवं वाद्ययंत्र बजाकर छात्रों ने स्वागत किया।
सीएम बोले, बारिश बाद शुरू करें दालमंडी सड़क चौड़ीकरण का काम
मुख्यमंत्री ने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण की रिपोर्ट मांगी। अफसरों ने बताया कि सर्वे का काम पूरा किया जा चुका है। अभी बरसात के चलते काम रुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के तत्काल बाद यहां चौड़ीकरण का काम शुरू करें। बता दें कि इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 220.59 करोड़ रुपये है। सड़क की लंबाई 650 मीटर और सड़क की चौड़ाई 17 मीटर रहेगी। सड़क किनारे नाली के डक्ट बनेंगे और सूचनात्मक बोर्ड लगेंगे।
डीएम सत्येंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री को प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति समेत जनपद में बाढ़ की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया की वर्तमान में 64 बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं, जिनकी लागत लगभग 15000 करोड़ रुपये है। कज्जाकपुरा फ्लाइओवर का कार्य सितंबर 2025 तक पूरा करा लिया जाएगा।ॉ
इसे भी पढ़ें; CM Yogi Visit: सीएम योगी बोले- सोशल मीडिया पर फेक अकाउंट बना जातीय विद्वेष फैलाने वालों से सख्ती से निपटें
मुख्यमंत्री के आने की सूचना पर भी अंधेरे में डूबा मुख्य मार्ग
मुख्यमंत्री के सारनाथ स्थित तिब्बती संस्थान आने के बावजूद आशापुर पुराना आरटीओ चौराहे पर लगी स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी रही। यह लाइट पिछले कई महीनों से बंद पड़ी है। वहीं, सारनाथ मुख्य चौराहे से लेकर संग्रहालय तिराहे तक प्रो पुअर प्रोजेक्ट की तहत लगीं स्ट्रीट लाइट भी नहीं जल रही हैं। नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि यहां बंद पड़ी लाइटें पीडब्ल्यूडी विभाग की हैं। नगर निगम की ओर से कई बार लाइट ठीक कराने को पत्र लिखा गया है।