मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गुरुवार से शुक्रवार दोपहर तक सर्किट हाउस से पुलिस लाइन तक कड़े सुरक्षा इंतजाम होंगे। मुख्यमंत्री की जेड प्लस सुरक्षा के मद्देनजर एनएसजी के छह कमांडो और 20 सुरक्षाकर्मी बुधवार को ही सर्किट हाउस पहुंच गए।
पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देशन में मुख्यमंत्री की सुरक्षा की पुख्ता रणनीति बनाई गई है।
एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर एक एसपी, 15 एडिशनल एसपी, 25 डिप्टी एसपी, एक इंस्पेक्टर, आठ थानाध्यक्ष, 300 सब इंस्पेक्टर, 15 महिला सब इंस्पेक्टर, 1550 कांस्टेबल, 70 महिला कांस्टेबल और सात कंपनी पीएसी तैनात रहेगी।
बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट ने जांच और तलाशी शुरू कर दी है। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से सर्किट हाउस और आयुक्त सभागार तक सघन तलाशी के साथ ही चप्पे-चप्पे पर नजर होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। इस दौरान सीएमओ की ओर से चार और पांच जनवरी को मुख्यमंत्री फ्लीट से लेकर अस्पतालों में बने सेफ हाउस में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती कर दी गई है।
सीएमओ के आदेश पर दीनदयाल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने 28 चिकित्सक, कर्मचारियों की अलग-अलग जगह तैनाती की है। चार जनवरी को दोपहर 2 बजे से लेकर पांच जनवरी की रात आठ बजे तक तीन चरण में छह-छह की टीम अस्पताल के आपरेशन थिएटर में बने सेफ हाउस में रहेगी। इसके अलावा दोनों दिनों में मुख्यमंत्री की फ्लीट के साथ भी छह-छह चिकित्सक-कर्मचारी रहेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को आजमगढ़ में तीन घंटे के कार्यक्रम के दौरान वह सठियांव की दी किसान सहकारी चीनी मिल के डिस्टीलरी प्लांट सहित विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इसके बाद वे एक निजी कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रोटोकाल के अनुसार चार जनवरी को सीएम हेलीकाप्टर से लखनऊ से चलकर दोपहर 12.10 बजे सठियांव चीनी मिल परिसर पहुंचेंगे। वहां डिस्टीलरी प्लांट का लोकार्पण करेंगे।
इस दौरान वह 113 परियोजनाओं का शिलान्यास और 48 अन्य परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। यहां से उनका हेलीकाप्टर 2.20 बजे जीयनपुर के नवोदय विद्यालय परिसर में उतरेगा।
वहां से सीएम कार से 2.35 बजे बड़ागांव पूनापार जाएंगे जहां वे हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश महामंत्री रहे स्व. पंकज सिंह की तेरही में शामिल होंगे। 3.05 बजे वह नवोदय विद्यालय जीयनपुर पहुंचेंगे।