अवलेशपुर में बुधवार शाम घर के बाहर से कक्षा नौ के छात्र के अगवा का मामला सामने आया। हालांकि अपराधियों के चंगुल से बालक फरार हुआ और भदोही जीआरपी ने बालक को बरामद करते हुए परिजनों को सूचित किया। रात में छात्र घर पहुंचा तो रोहनिया थाने की पुलिस ने किशोर से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने अवलेशपुर सहित आसपास इलाकों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।
अवलेशपुर निवासी और दवा कारोबारी अश्वपाल सिंह का 14 वर्षीय बेटा अंश कुमार सिंह ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि शाम चार बजे मकान के बाहर खड़ा था और इसी बीच दो युवक आए मुंह पर कपड़ा सूंघाकर बेहोश कर दिया। इसी बीच वह ट्रेन में अपने को पाया तो मौका पाकर भदोही के पास दोनों युवकों के चंगुल से भाग निकला। इस बीच जीआरपी को अपनी आपबीती सुनाई। भदोही जीआरपी ने पिता अश्वपाल सिंह को बच्चे को सकुशल होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन अंश को साथ लेकर घर आए।
रोहनिया इंस्पेक्टर हरिनाथ प्रसाद भारती ने बताया कि परिजनों ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी। घटना की सूचना मिलते ही जक्खिनी पुलिस चौकी इंचार्ज को छानबीन के लिए मौकेे पर भेजा गया। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।