परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी कुशाग्र बेटी को गुरुवार की रात अलग-अलग नंबर से फोन कर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहा था। खुशी की आत्महत्या के बाद भी उसके मोबाइल पर कुशाग्र कॉल कर रहा था। वह अक्सर खुशी और परिजनों को फोन कर कई बार गालीगलौज कर धमकाता था। स्कूल आने-जाने के दौरान वह बेटी से मारपीट करता था। कुशाग्र की इस करतूत पर पिता ने एक अक्तूबर 2022 को लक्सा थाने में शिकायत दी थी। परिजनों ने बताया कि कुशाग्र खुद को पुलिस परिवार से और बहुत ऊंची पहुंच का रौब दिखाता था।
आरोपी कुशाग्र की तलाश में लक्सा थाने की पुलिस माधोपुर, सिगरा स्थित उसके घर पहुंची तो उसकी मां ने बताया कि वह गुरुवार की रात से ही नहीं आया है। वहीं, कुशाग्र के एक दोस्त ने लक्सा थाने की पुलिस को बताया कि उसके पास उसका फोन गुरुवार रात 10 बजे के बाद आया था। बातचीत के दौरान कुशाग्र घबराया हुआ था। उसने कहा कि खुशी ने आत्महत्या कर ली है। अब वह भी जान देने जा रहा है। इसके बाद कुशाग्र से उसका संपर्क नहीं हुआ।