प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को शहर आगमन के मद्देनजर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। डाफी बाईपास से बाबतपुर एयरपोर्ट तक के क्षेत्र में एसपीजी, एनएसजी, एटीएस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की पैनी नजर है। इस पूरे इलाके की जल, थल और आकाशीय सीमा की निगहबानी केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। बाहर से शहर में आने वाले हरेक शख्स पर नजर रखी जा रही है। पीएम के कार्यक्रम स्थल और उनके आने-जाने के रूट पर रूफ टॉप फोर्स भी तैनात कर दी गई है।
कार्यक्रम स्थलों के आसपास की पानी की टंकियों का इस्तेमाल वाच टॉवर के तौर पर किया जा रहा है। वहां अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों पर ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस कर्मियों को बार कोड युक्त परिचय पत्र जारी किया गया है। पीएम मोदी के आगमन को देखते हुए शहर में पहले से हाई अलर्ट घोषित है। पीएम के सभी कार्यक्रम स्थलों के साथ ही शहर के सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने डेरा डाल रखा है। बगैर पास के प्रधानमंत्री के सुरक्षा घेरे की 50 गज की परिधि में किसी को भी जाने की अनुमति नहीं होगी। पीएम जिस रास्ते से गुजरने वाले होेंगे उस पर आधा घंटा पहले ही ट्रैफिक रोक दिया जाएगा। विश्व सुंदरी पुल से दशाश्वमेध घाट तक रविवार को दिन 11 बजे से पीएम की वापसी तक नौका संचालन भी बंद रहेगा।
बता दें कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में एसपीजी, एनएसजी कमांडो, एटीएस कमांडो, पैरामिलिट्री फोर्स के अलावा 15 एसपी, 23 एएसपी, 58 डिप्टी एसपी, 40 थानेदार, 360 दरोगा, 360 हेड कांस्टेबल, 2300 कांस्टेबल, 22 महिला सब इंस्पेक्टर, 95 महिला कांस्टेबल, तीन कंपनी सीपीएमएफ, दो कंपनी आरएएफ, 17 कंपनी पीएसी और 500 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। जबकि गंगा में नेवी के गोताखोरों के अलावा एनडीआरएफ और बाढ़ राहत पीएसी के जवान लगाए गए हैं। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट की कई टीमें लगाई गई हैं। कार्यक्रम स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों और उनकी सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने डीरेका के ऑडिटोरियम (सिनेमा हाल) में फोर्स की ब्रीफिंग की। पुलिस और प्रशासन की सबसे बड़ी चिंता पीएम के 40 किलोमीटर लंबे रू ट को लेकर है। शनिवार को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पीएम को अस्सी से बाबतपुर एयरपोर्ट तक सड़क मार्ग से ले जाया जाएगा। इस दौरान उनकी सुरक्षा और स्ट्रीट लाइटिंग को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम को रविवार की सुबह तक सभी लाइटों को दुरुस्त कराने को कहा गया है। हर मोड़ पर बैरिकेडिंग के साथ जगह-जगह सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहेगी। शरारतीतत्वों पर पैनी नजर रखने की ताकीद की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछली बार 22 फरवरी को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में शामिल होने आए थे। इस दौरान मीडिया गैलरी में घुसे एक छात्रनेता ने नारेबाजी की थी। आईजी जोन एसके भगत और कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने फोर्स को चेताया कि अगर ऐसा दोबारा हुआ तो कड़ी कार्रवाई होगी। मीडिया गैलरी में केवल मीडिया के ही लोग रहें। कार्यक्रम स्थल पर बैग लेकर पहुंचने वालों की गहनता से चेकिंग की जाए। मंच पर जाने वाले लोगों का कार्यक्रम के पूर्व सत्यापन करा लिया जाए। कमिश्नरने गर्मी के मौसम को देखते हुए फायर ब्रिगेड को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया। कहा कि डीरेका, अस्सी, ज्ञानप्रवाह में अग्निशमन के सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। कहा कि अगर कहीं विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलती है तो संयम से काम लें। प्रदर्शन करने वालों से उलझें न, बातचीत के जरिए उन्हें कार्यक्रम स्थल से दूर ले जाएं।