प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को डीरेका के अधिकारी क्लब सभागार में शहर के विशिष्टजनों से मुलाकात करेंगे। मेहमानों की सूची में शहर के शिक्षाविद्, जानेमाने चिकित्सक, वरिष्ठ अधिवक्ता, ख्यातिनाम कलाकार, बड़े उद्यमी, चार्टर्ड एकाउंटेंट व राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार व खिलाड़ी शामिल हैं। ‘स्नेह मिलन’ के इस कार्यक्रम में शहर की स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया है। शनिवार की देर रात पीएमओ ने पीएम से मिलने वालों की सूची जिला प्रशासन को भेजी। इन मेहमानों को विशेष पास जारी किए गए हैं।
एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय के अनुसार पीएमओ से प्राप्त हुई सूची में डॉ. उषा गुप्ता, डॉ. विभा मिश्रा, डॉ. आरके ओझा, एडवोकेट श्रीनाथ त्रिपाठी, राधे मोहन श्रीवास्तव, नीलकंठ तिवारी, डॉ. अशोक राय, डॉ. नीरज खन्ना, डॉ. राजेश्वर आचार्य, दीपक मधोक, अनिल जैन, कुलपति डॉ. जीसी त्रिपाठी, डॉ. यदुनाथ प्रसाद दूबे, डॉ. पृथ्वीस नाग, भागीरथ जालान, नीलू मिश्रा, राजेंद्र मोहन शाह, अशोक कुमार गुप्ता, आरके चौधरी, आरसी जैन, अभय अग्रवाल, श्रीनारायण खेमका, राहुल मेहता, डॉ. चंद्रमौली उपाध्याय, सीए दीपक अग्रवाल आदि शामिल हैं।