बड़ागांव थाना अंतर्गत बाबतपुर चौराहे पर बुधवार को वाराणसी से जौनपुर की तरफ जा रही बिना नंबर की कार ने लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात सीआईएसएफ के दो जवानों को टक्कर मार दी। इसके बाद थोड़ी दूर पर जाकर एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी। हादसे में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के नालग गांव निवासी सीआईएसएफ जवान निक्का राम (50) की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रमेशचंद्र को शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर हादसे के बाद चालक कार लेकर जौनपुर की ओर भाग निकला।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ के जवान निक्का राम और रमेशचंद्र चाय पीने के लिए बाबतपुर चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। घायल दोनों जवानों को बाबतपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां निक्का राम को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद कार लेकर भाग रहे चालक ने चंदौली के बाइक सवार कृष्ण कुमार को भी टक्कर मारी। कृष्ण को हल्की चोटें आईं हैं। उधर, हादसे की जानकारी पाकर सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट सुब्रत झा, एसडीएम अविनाश सिंह भी अस्पताल पहुंचे।
बड़ागांव पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट ने बताया कि जवान के पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से उनके गृह जनपद भेजा जाएगा। हवाई अड्डे पर जवान के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी जाएगी।