राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में तैनात होंगे मार्शल आर्ट के प्रशिक्षक
बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए जिले के 26 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में जल्द ही मार्शल आर्ट के प्रशिक्षक तैनात किए जाएंगे। रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान के तहत शुरू की जा रही है, जिसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। चयन के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत, चयनित विद्यालयों में तीन महीने तक प्रतिदिन 40 मिनट का आत्मरक्षा प्रशिक्षण मिलेगा। प्रशिक्षण उन्हें न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाएगा बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चयन में योग्यता को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। आवेदक किसी राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में भाग लिया हो। चयनित प्रशिक्षकों को मानदेय के रूप में प्रतिमाह 5 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस प्रकार, तीन महीने की अवधि के लिए उन्हें कुल 15 हजार रुपये का मानदेय मिलेगा।