उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन शहर में नगर पंचायत अध्यक्ष एवं खनन उद्यमी इम्तियाज अहमद (48) की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली मारकर भाग रहे एक शूटर को लोगों ने कारबाइन के साथ पकड़ लिया जबकि बाइक पर सवार होकर तीन अन्य साथी फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश की भीड़ ने जमकर पिटाई की।
विज्ञापन
चोपन एसएचओ ने उस पर लेटकर भीड़ की चंगुल से उसे छुड़ाया। शूटर को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया वहां से पुलिस अभिरक्षा में उसे ट्रामा सेंटर भेजा गया। उधर घटना से गुस्साए लोगों ने सुबह आठ बजे चोपन में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
करीब 11 बजे चेयरमैन के भाई उस्मान अहमद के इस आश्वासन पर कि शांत रहे, पुलिस कार्रवाई कर रही के बाद जाम समाप्त हुआ। डीएम अमित कुमार सिंह, एसपी किरीट राठोड भी जिला अस्पताल पहुंचे। डीआईजी पीयूष श्रीवास्तव भी दोपहर एक बजे चोपन पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस मामले में दो नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
विज्ञापन
नहीं जानते थे कि आज होगा अंतिम दिन
बदमाश के पास से बरामद असलहा
- फोटो : अमर उजाला
इम्तियाज अहमद चोपन से लगातार दूसरी बार चेयरमैन थे जबकि उनके छोटे भाई उस्मान की पत्नी बबली निर्विरोध ब्लाक प्रमुख हैं। इम्तियाज प्रतिदिन सुबह अग्रवाल मेमोरियल क्लब मैदान में व्यायाम करने और वॉलीबाल खेलने जाते थे। बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे वह खुद कार चलाकर खेल मैदान पर पहुंचे थे।
यहां पहले से ही चार लोग मौजूद थे। जैसे ही इम्तियाज कार से नीचे उतरे, तभी उन पर फायरिंग शुरू हो गई। इससे दो गोली उनके दोनों पैरों के जांघ में लगी। घायलवस्था में इम्तियाज को सुरेश के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। गोली मारने के बाद दो बाइक से आए चार में तीन बदमाश भाग निकले जबकि एक को भीड़ ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
उसकी जेब से आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और नकदी बरामद हुई। उसकी पहचान झारखंड, पलामू जिले के हुसैनाबाद थानाक्षेत्र के चनकार कस्तूरी निवासी काश्मीर कुमार रौकेट पुत्र विनय पासवान के रूप में हुई। भीड़ आरोपी पर टूट पड़ी। किसी तरह से पुलिस ने उसे बचाया।
छोटे भाई उस्मान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
उधर अस्पताल पहुंचने से पहले ही टोल प्लाजा के पास चेयरमैन की मौत हो गई। उधर शूटर को पुलिस जिला अस्पताल न ले जाकर राबर्ट्सगंज के एक निजी अस्पताल में ले गई जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। फिर पुलिस उसे वाराणसी ले गई। इस मामले में पुलिस ने छोटे भाई उस्मान अली की तहरीर पर खनन व्यवसाई बिल्ली मारकुंडी के राकेश जायसवाल और राबर्ट्सगंज के रवि जालान सहित चार अज्ञात के खिलाफ धारा 147,148, 302, 120बी व सेवेन सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आश्वासन पर जाम समाप्त
चोपन नगर पंचायत अध्यक्ष इम्तियाज अहमद के हत्यारों को पकड़े जाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने राजमार्ग पर जाम किया। करीब ढाई घंटे बाद अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। फिलहाल हजारों की संख्या में नगर पंचायत अध्यक्ष के शुभचिंतक उनके घर पर मौजूद हैं। यहां पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी का फुटेज खंगाला जा रहा है।
झारखंड, बिहार से जुड़े हैं घटना के तार
एसपी किरीट राठोड ने बताया कि घटना के तार झारखंड और बिहार से जुड़े हैं। दो टीमें वहां के लिए रवाना कर दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, उसे दिखवाया जा रहा है। मौके से चार खोखे मिले हैं। पकड़ा गया व्यक्ति पूर्व में जेल भी जा चुका है। घटना के पीछे दो कारण सामने आए हैं। इसमें एक व्यावसायिक है और एक दूसरा मामला भी सामने आ रहा है जिसकी जांच की जा रही है।
नगर पंचायत के अध्यक्ष इम्तियाज अहमद के मिलनसार छवि का हर कोई कायल था। वे नगर में सामाजिक सद्भाव के मिसाल थे। हर धर्म के कार्यक्रम में उनकी सहभागिता बढ़ चढ़कर होती थी। यहां तक कि किसी भी आयोजन में आर्थिक सहयोग देने में भी पीछे नहीं हटते थे। रासलीला हो या रामलीला खुद वहां रहकर पूरी व्यवस्था देखने के साथ ही कार्यक्रम में हिस्सा भी लेते थे। इससे नगर में उनकी छवि अन्य लोगों से काफी अलग थी। उनके हर राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर संबंध थे। इससे उनकी हत्या से हर कोई न सिर्फ हतप्रभ था बल्कि उसके अंदर इसको लेकर गुस्सा भी था।