पुलिस और प्रशासन की रोक के बाद भी शहर में चाइनीज मांझे का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है और इसकी रोकथाम के कोई उपाय नहीं किए जा रहे हैं। शुक्रवार की सुबह लहरतारा पुल के पास ट्रांसपोर्ट कारोबारी श्रीकांत राय चाइनीज मांझे में फंसकर गिर गए और चोटिल हो गए। मांझा से उनका गला कट गया। उन्हें रोडवेज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लहरतारा के नई बस्ती निवासी श्रीकांत राय शुक्रवार की सुबह बाइक से बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। उनका कहना है कि लहरतारा स्कूल के पास अचानक उनके गले में मांझा फंस गया जिससे असंतुलित होकर वह गिर गए। मांझे से उनका गला कट गया। फोन से सूचना के बाद घरवाले मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, थानाध्यक्ष मंडुवाडीह फरीद अहमद का कहना है कि घटना के संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई है।