उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक साइकिल सवार बच्चे की ट्रक की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना से मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, चकिया कोतवाली क्षेत्र के अमरा के पास गरई नदी पर रविवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार राजा यादव(12) की मौत हो गयी। किशोर सुबह किसी कार्य से घर से निकला था। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। लेकिन थोड़ी देर बाद अहरौरा पुलिस ने वाहन सहित चालक की पकड़ लिया।
इससे ग्रामीण उग्र हो गए और मार्ग पर सुबह करीब सात बजे जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण डीएम को बुलाने की मांग पर अड़े थे। घटना की जानकारी होने पर एसडीएम अजय मिश्र पहुंच गए। उनके काफी समझने पर ग्रामीणों ने करीब साढ़े तीन घंटे बाद जाम खत्म किया। इसके बाद आवागमन शुरू हुआ।
अमरा गांव निवासी सोनी यादव का राजा यादव इकलौता पुत्र था। सोनी यादव खेती बारी के साथ दूध का व्यवसाय कर परिवार का भरण पोषण करते हैं।