यूपी के सोनभद्र के एक गांव में शौचालय के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे पानी में डूबने से एक मासूम की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पीड़ित परिवार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के करमडाड़ ग्राम पंचायत के मनबसा टोले का आकाश (5) पुत्र रामानंद सात वर्षीय भाई सूर्य प्रकाश के साथ रविवार को घर के सामने खेत में खेल रहा था। खेलते समय आकाश शौचालय के लिए खोदे गए गड्ढे के पास चला गया। वह गड्ढे में भरे पानी में पैर डाल और निकाल रहा था। इसी दौरान वह पानी में चला गया।
उसके बड़े भाई ने सोचा कि आकाश नहा रहा है और वह दूसरी तरफ खेलने चला गया। काफी देर तक उसका पता न चलने पर परिवार वालों ने तलाश शुरू की तो उसका शव गड्ढे में उतराया मिला।
रामानंद ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी ने उसके खेत में शौचालय के लिए ढाई महीने पूर्व गड्ढा खोदवाया था, लेकिन उसे बनवाया नहीं। इसी के चलते उसके बेटे की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
जिले में शौचालय के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबकर जान गंवाने की यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व शाहगंज थाना क्षेत्र के अमउड़ गांव में 20 दिन पूर्व शौचालय के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से एक बालक की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।