मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिगरा स्टेडियम में जनसभा की तैयारियों को देखने पहुंचे और यहां वे मंच से तैयारियां देखीं। उन्होंने निर्देश दिया कि अंदर आने व बाहर जाने के लिए अलग अलग द्वार बनाए जाएं। शहर के बीच आयोजन होने के चलते सभी तैयारियां पहले से मुकम्मल कर ली जाएं।
रुद्राक्ष की भी परखी व्यवस्था
पुलिस लाइन हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कार्यान्वयन पर अखिल भारतीय शिक्षा समागम के उद्घाटन की तैयारियां देखने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी, डॉ अवधेश सिंह, टीराम, सुनील पटेल, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की शाम काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन कर बाबा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने आगामी दिनों में सावन को देखते हुए बाबा का दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सावन से पहले ही सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश अधिकारियों को दिए।
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन में इस बार काशी विश्वनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखा जाए। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने इस दौरान मुख्यमंत्री को बताया कि पहली बार सावन में श्रद्धालु गंगा घाट की तरफ से मंदिर में दर्शन पूजन करने पहुंचेंगे। इसलिए सड़क मार्ग के अलावा गंगा घाट से भी आने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, मैट, एनाउंसमेंट सिस्टम, कूलर सहित सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इस पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की भीड़ का आकलन करते हुए तैयारियों को समय पूर्व करने का निर्देश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश मिश्रा, विशेष कार्याधिकारी उमेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।